Uncategorized

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कुशीनगर पुलिस का बड़ा अभियान, 40 वाहनों का चालान

राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

कुशीनगर। अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद कुशीनगर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हार्न और हूटर लगाने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 09 एवं 10 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया।
अभियान के तहत जनपद में विशेष टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक यातायात अश्वनी कुमार राय व उनकी टीम द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 लाख 70 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। वहीं गठित सीसी टीम द्वारा 13 वाहनों का चालान कर 1 लाख 30 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।
इस प्रकार कुल 40 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 4 लाख रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। कार्रवाई की जद में 06 बस, 07 ट्रक, 11 कार/पिकअप तथा 16 मोटरसाइकिल शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त 01 मई से अब तक मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ 09, प्रेशर हार्न के खिलाफ 22 तथा हूटर लगाने वाले 10 वाहनों का चालान किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button