Uncategorized

माँ और नवजात की मुस्कान बनी रोटरी क्लब कुशीनगर, मातृ दिवस पर बांटी हाइजीन किट —

संवाददाता सिरजेश यादव कुशीनगर

अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब कुशीनगर द्वारा कसया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात शिशुओं की माताओं को हाइजीन किट प्रदान कर मातृ दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश यादव ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और समय पर देखभाल से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है तथा ऐसे सामाजिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. नेहा पाठक ने कहा कि नवजात शिशुओं और माताओं की देखभाल में स्वच्छता का विशेष महत्व है। उन्होंने रोटरी क्लब कुशीनगर द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल माताओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाती है।

इस अवसर पर रोटरी क्लब कुशीनगर के सह संरक्षक वाहिद अली ने कहा कि माताएं समाज की आधारशिला होती हैं और उनके सम्मान एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सदैव समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।

वहीं क्लब के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि मातृ दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि माताओं के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं जन जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम में सह संरक्षक वाहिद अली, अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष विजय कृष्ण द्विवेदी, उपाध्यक्ष दुर्गेश चतुर्वेदी, सोशल मीडिया प्रभारी सुनील सिंह, अमित श्रीवास्तव, अखिलेश शर्मा, सत्येन्द्र राय, हसमुद्दीन अंसारी एवं आदिल खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button