Uncategorized

पांच लाख तिरंगों से सजेगा जौनपुर, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत जिले में देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा, झंडा वितरण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा करीब 5 लाख तिरंगे झंडे तैयार किए गए हैं, जिन्हें जिले के विभिन्न आवासों, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों तथा अन्य प्रतिष्ठानों पर लगाने के लिए वितरित किया गया।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की इस पहल से जहां उन्हें रोजगार और स्वावलंबन का अवसर मिला, वहीं अभियान को भी व्यापक जनभागीदारी मिली है। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना का प्रदर्शन किया।
अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया गया। छात्र-छात्राओं ने तिरंगे के रंगों और राष्ट्रभक्ति की भावना को उकेरते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाईं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा दिया गया।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं। साथ ही राष्ट्रध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया। संबंधित अधिकारियों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने और सभी निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button