Uncategorized

महिला अपराधों की जांच में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, कुशीनगर पुलिस ने विवेचकों को दिया विशेष प्रशिक्षण

राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

कुशीनगर। महिला संबंधी अपराधों की विवेचनाओं को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से कुशीनगर पुलिस द्वारा शनिवार को विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा की देखरेख में किया गया।
कार्यशाला में अपहरण, व्यपहरण, दुष्कर्म तथा POCSO एक्ट से जुड़े मामलों की विवेचनाओं में आने वाली कमियों और कानूनी त्रुटियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विवेचकों को यह बताया गया कि न्यायालय में प्रस्तुत होने वाले प्रकरणों को किस प्रकार मजबूत एवं त्रुटिरहित बनाया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
विशेष लोक अभियोजन अधिकारी अजय कुमार गुप्ता, फूल बदन, सुजीत कुमार मिश्रा एवं संजय कुमार तिवारी ने विवेचकों को कानूनी पहलुओं, साक्ष्य संकलन और न्यायालयीन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि महिला अपराधों की जांच को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक रविवार को रोस्टर के अनुसार ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुशीनगर पुलिस पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और विवेचनाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button