प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने विकास कार्यों की समीक्षा की, योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में कोर कमेटी एवं जिला प्रशासनिक एवं समन्वय समिति की बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जनपद के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए तथा सभी विकास परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई स्थानीय समस्याओं एवं विकास संबंधी मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
बैठक में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, विधायक आर.के. पटेल, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति एवं डॉ. अजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।