अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली व लोडर सीज
जिला संवाददाता विकास अग्रहरि लालगंज (बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डिहुकपूरा के पास रामजानकी मार्ग के किनारे चल रहे कथित अवैध खनन कार्य को रोक दिया। पुलिस ने मौके से मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर मशीन को सीज कर दिया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में बिना अनुमति मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान खनन कार्य में प्रयुक्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। मामले की रिपोर्ट आवश्यक कार्रवाई के लिए खनन विभाग को भेज दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
