Uncategorized

गर्भवती महिला की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, किरण अस्पताल सील संचालिका के पति भेजे गए जेल

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र मे छह माह की गर्भवती महिला की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुटहन स्थित किरण अस्पताल को सील कर दिया। शनिवार को शाहगंज एसडीएम कुणाल गौरव पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई को अंजाम दिया।
इससे पहले पुलिस ने मुकदमे में वांछित अस्पताल संचालिका डॉ. किरण यादव के पति अरुण यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सरपतहा थाना क्षेत्र के पट्टी नरेंद्रपुर गांव निवासी रिंकू माली की पत्नी लक्ष्मी (छह माह की गर्भवती) की बुधवार रात उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। परिजनों ने उपचार में लापरवाही बरतने तथा नवजात का शव नहीं सौंपने का आरोप लगाया था।
मृतका के पति की तहरीर पर चिकित्सक एवं अस्पताल कर्मियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रशासन अब अस्पताल के संचालन से जुड़े अभिलेखों, लाइसेंस और अन्य वैधानिक अनुमतियों की भी जांच कर रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य निजी अस्पतालों में भी हड़कंप मच गया है।

Related Articles

Back to top button