बिजली चोरी पर बिजली विभाग का बड़ा वार,रात में होगी ताबड़तोड़ छापेमारी
घुघली ब्लॉक क्षेत्र के बिजली चोरी और बकाया वसूली के खिलाफ बिजली विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए रविवार को घुघली विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सघन अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान 20 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले 25 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जबकि 1.50 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया।अभियान के दौरान बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में उप खंड अधिकारी अरविंद कुमार सिंह अवर अभियंता धर्मेंद्र भारद्वाज, तथा विभागीय कर्मी बजरंगी यादव, वेद पाल गुप्ता, शेष्मणि, राहुल तिवारी और सतेंद्र तिवारी शामिल रहे।

अवर अभियंता धर्मेंद्र भारद्वाज ने बताया कि बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अब तीन सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया है, जो रात के समय गांवों में औचक छापेमारी करेगी और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। बकाया बिल जमा न करने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे, जबकि बिजली चोरी करने वालों पर एफआईआर सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।