Uncategorized

दिशा बैठक में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा बोले- विकास कार्यों में लापरवाही कत्तई बर्दाश्त नहीं होगी

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद एवं समिति के अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए सांसद ने धीमी प्रगति और लापरवाही पर कई विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
समीक्षा के दौरान मंडी परिषद के निर्माण कार्यों में धनराशि मिलने के छह माह बाद भी अपेक्षित प्रगति न होने पर सांसद ने नाराजगी जताई और कार्यों में तेजी लाने को कहा। लोक निर्माण विभाग को राष्ट्रीय राजमार्गों पर सांकेतिक बोर्ड दुरुस्त कराने, कट प्वाइंट सुधारने, अमूल फैक्ट्री के पास रंबल स्ट्रिप लगाने, ब्लैक स्पॉट की सूची उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

राजस्व विभाग से विभिन्न परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण के लंबित मुआवजे की जानकारी लेते हुए पात्र किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया। बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार हटवाने तथा सभी स्कूलों में फर्नीचर, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में पंजीकृत अस्पतालों, एक्स-रे मशीनों की स्थिति और सीएचसी मड़ियाहूं में स्टाफ की कमी जैसे मुद्दे उठे, जिनके समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली विभाग को जर्जर तार बदलने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने तथा आंधी-बारिश के बाद विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नहरों की सफाई, जलालपुर ब्लॉक के बंद सामुदायिक शौचालय, जिला पंचायत की सड़कों की गुणवत्ता, जल जीवन मिशन की प्रगति, वृक्षारोपण, राशन वितरण, अंत्योदय कार्ड, कृषि विभाग में खाद-यूरिया की उपलब्धता सहित अनेक जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत की सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराने तथा बारिश से पहले मरम्मत कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने, उनके मोबाइल नंबर अपडेट करने और विभागीय प्रगति से समय-समय पर अवगत कराने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में उन्होंने आश्वस्त किया कि दिशा बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा।

बैठक में सांसद प्रिया सरोज, विधायक जगदीश नारायण राय, रमेश चंद्र मिश्रा, लकी यादव, डॉ. आर.के. पटेल, डॉ. रागिनी सोनकर, रमेश सिंह, तूफानी सरोज, विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव, आशुतोष सिन्हा, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button