कई सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ का चीनी मिल गेट पर धरना-प्रदर्शन
संवाददाता सिरजेश यादव


रामकोला/कुशीनगर। भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने शनिवार शाम करीब 5:00 बजे चीनी मिल के मुख्य गेट पर मजदूरों एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया तथा प्रबंधन से जल्द समाधान की मांग की।
संघ के उपाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान कॉलोनी में पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं होने से मजदूरों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि यदि प्रबंधन नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं कर सकता है तो कर्मचारियों को आसान किस्तों पर इनवर्टर एवं बैटरी उपलब्ध कराई जाए, ताकि बिजली कटौती के समय उन्हें राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिज बोर्ड के कर्मचारियों को लंबे समय से इंक्रीमेंट और प्रमोशन नहीं मिला है। प्रबंधन को इस संबंध में शीघ्र निर्णय लेकर कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना चाहिए।
अजय कुमार श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि पहले प्रत्येक तीन माह पर कॉलोनी में रहने वाले मजदूरों और कर्मचारियों को बल्ब, झाड़ू तथा फिनायल जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती थी, जिसे अब बंद कर दिया गया है। उनका कहना था कि कर्मचारियों को पहले से मिल रही सुविधाएं धीरे-धीरे समाप्त की जा रही हैं, जो उनके हित में नहीं है। उन्होंने प्रबंधन से सभी सुविधाएं पुनः बहाल करने की मांग की।
भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री ईश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन द्वारा प्रबंधन को कई मांगें सौंप दी गई हैं। यदि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन प्रबंधन कार्यालय के समीप व्यापक धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान भारतीय मजदूर संघ के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।