संदिग्ध हालात में घर में फंदे से लटका मिला 18 वर्षीय किशोर का शव ,मठिया गांव में मचा हड़कंप
सुबह कमरे का दरवाजा खुलते ही परिजनों के उड़े होश, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच


जखीरा चौकी क्षेत्र के मठिया गांव में शुक्रवार की रात एक 18 वर्षीय किशोर का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बंद कमरे में लटकता मिला शव
घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई, जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान संगम उर्फ प्रियांशु तिवारी (18) पुत्र यमुना तिवारी निवासी ग्राम मठिया, थाना घुघली के रूप में हुई। घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सूरज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और
साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है परिजन इस हादसे से गहरे सदमे में हैं, जबकि ग्रामीण भी किशोर की असामयिक मौत से स्तब्ध हैं। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
जी न्यूज़ घुघली