भिस्वा उर्फ कोटिया में फिर दिखा तेंदुआ,चार दिन पहले बकरी बना चुका है शिकार
घुघली विकास खंड के भिस्वा उर्फ कोटिया गांव धुस पर मंगलवार को धनंजय यादव के मुर्गी फार्म के समीप स्थित घने बागीचे में एक बार फिर तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी।

स्थानीय ग्रामीण धनंजय यादव ने बताया कि पिछले करीब ढाई वर्षों से क्षेत्र में समय-समय पर तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही है। वन विभाग कई बार पिंजरा और जाल लगा चुका है, लेकिन तेंदुआ अब तक पकड़ में नहीं आया। उन्होंने बताया कि चार-पांच दिन पहले तेंदुए ने गांव निवासी हरिहर भारती की बकरी को अपना शिकार बना लिया था। इससे पहले भी कई पालतू जानवरों पर हमला कर चुका है।
फॉरेस्टर गौरव तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। पूर्व में भी क्षेत्र में पिंजरा और जाल लगाया गया था तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शाम और रात के समय अकेले खेतों व बागीचों में न जाने, बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है।
जी न्यूज़ घुघली