दवा लेने निकले बुजुर्ग का सड़क किनारे खेत में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
महराजगंज-कुशीनगर सीमा पर स्थित घुघली थाना क्षेत्र के बारी गांव के समीप गुरुवार को सड़क किनारे खेत में एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान बारी गांव के पश्चिम टोला निवासी 70 वर्षीय नंद किशोर शर्मा, पुत्र ढोढई, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नंद किशोर शर्मा गुरुवार दोपहर दवा लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान ग्रामीणों ने सड़क किनारे खेत में उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजन मौत के कारणों को लेकर चिंतित हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।