Uncategorized

दवा लेने निकले बुजुर्ग का सड़क किनारे खेत में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

महराजगंज। महराजगंज-कुशीनगर सीमा पर घुघली थाना क्षेत्र के बारी गांव के समीप गुरुवार को सड़क किनारे खेत में एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान बारी गांव के पश्चिम टोला निवासी 70 वर्षीय नंद किशोर शर्मा, पुत्र ढोढई, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नंद किशोर शर्मा गुरुवार दोपहर दवा लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान ग्रामीणों ने सड़क किनारे खेत में उनका शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button