ग्राम सभा रामबर बुजुर्ग में जलभराव से ग्रामीण बेहाल, जिम्मेदार कौन?
संवाददाता: सिरजेश यादव
घुघली समाचार

रामकोला (कुशीनगर): विकासखंड रामकोला अंतर्गत ग्राम सभा रामबर बुजुर्ग में जलभराव की गंभीर समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। गांव की मुख्य सड़कें और संपर्क मार्ग पानी से लबालब भरे हुए हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बन जाती है। कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। बरसात के दौरान हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों के लिए भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
जलभराव के कारण गांव में गंदगी फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही दिखाई देती है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस समस्या के लिए जिम्मेदार कौन है? क्या ग्रामीणों को हर वर्ष इसी तरह जलभराव की परेशानी झेलनी पड़ेगी, या प्रशासन इस बार कोई ठोस और स्थायी कदम उठाएगा?