Uncategorized

कांवड़ यात्रा से पहले एक्शन मोड में एसएसपी, सिकरारा थाने की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संवाददाता अंकित दूबे

एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह का सिकरारा थाने पर औचक निरीक्षण, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को थाना सिकरारा का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना, अभिलेखों एवं थाना परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
एसएसपी ने सक्रिय एवं दुस्साहसी अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने तथा पात्र अपराधियों पर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और जिला बदर जैसी कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुख्यात अपराधियों को चिन्हित कर उन्हें आपराधिक माफिया घोषित करने और उनके गैंग का डीसीआरबी में पंजीकरण कराने पर भी जोर दिया।
आगामी कांवड़ यात्रा एवं सावन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया गया तथा उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
ऑपरेशन वज्रपात की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने मनबढ़ एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर प्रभावी कार्रवाई, सोशल मीडिया की सतत निगरानी और आपत्तिजनक सामग्री वाले अकाउंटों को टेकडाउन कराने की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही ऐसे लोगों के परिजनों की काउंसलिंग कर उन्हें अपराध से दूर रखने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं विनम्र व्यवहार अपनाने, शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक (नगर/अपराध) गोल्डी गुप्ता भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button