Uncategorized

विद्यालय निरीक्षण में बच्चों की प्रतिभा ने जीता दिल, सवालों के दिए फटाफट जवाब

संवाददाता अंकित दूबे

राज्य परियोजना सलाहकार ने निपुण भारत मिशन की प्रगति परखी, शिक्षकों की सराहना की

जौनपुर। सिकरारा राज्य परियोजना के सलाहकार मुहम्मद अनस ने शुक्रवार को सिकरारा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय डीह जहानिया और प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन करना तथा निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना था।
प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर में पहुंचने पर बच्चों ने अधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। कक्षा में पहुंचकर सलाहकार ने विद्यार्थियों से हिंदी, गणित और पर्यावरण विषय से जुड़े कई प्रश्न पूछे। बच्चों ने बिना किसी झिझक के आत्मविश्वास के साथ सभी सवालों के सटीक और फटाफट जवाब दिए, जिससे अधिकारी काफी प्रभावित हुए।
मुहम्मद अनस ने बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि सिकरारा क्षेत्र के विद्यालयों में गतिविधि आधारित शिक्षण का सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन का उद्देश्य कक्षा 1 से 3 तक के प्रत्येक बच्चे में पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी दक्षता विकसित करना है, जिसके लिए शिक्षकों को रोचक और प्रभावी शिक्षण पद्धति अपनानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, खेल सामग्री तथा अन्य शैक्षणिक संसाधनों का भी अवलोकन किया। शिक्षकों को निर्देश दिया कि कमजोर विद्यार्थियों की विशेष निगरानी और अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा सीखने की प्रक्रिया में पीछे न रह जाए।
खंड शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यालयों को पूर्णतः निपुण बनाने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित सिंह, एआरपी संतोष मिश्र, शिक्षिका आराधना उपाध्याय, मंजू जैसवार, गजाला बानो, नेहा जायसवाल, श्यामधर यादव, माधुरी सिंह तथा मनोज कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button