Uncategorized

कुशीनगर: शिक्षक संगोष्ठी में पीएनबी पर शिक्षकों ने जताया भरोसा,

बैंक ने समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया आश्वासन
संवाददाता सिरजेश यादव
कुशीनगर। पंजाब नेशनल बैंक के तत्वावधान में बुधवार को नगर स्थित बुद्धा होटल के सभागार में शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और बैंक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा करना रहा। संगोष्ठी का आयोजन पीएनबी के मंडल प्रमुख महेंद्र कुमार मोहन के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल प्रमुख महेंद्र कुमार मोहन, रेखा रामचंद्रन, राजकुमार सिंह एवं अभिनाश शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनपद के सभी शाखा प्रबंधकों के साथ राष्ट्रीय शैक्षिक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ, जूनियर शिक्षक संघ एवं प्रोटान सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
संगोष्ठी में शिक्षकों के वेतन खाते, ऋण सुविधा, बैंकिंग सेवाओं में सुधार और वर्तमान में वेतन खातों के अन्य बैंकों, विशेषकर भारतीय स्टेट बैंक में स्थानांतरण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने शिक्षकों से पंजाब नेशनल बैंक के साथ जुड़े रहने की अपील करते हुए बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।
प्रोटान की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रेखा रामचंद्रन ने कहा कि नौकरी के प्रारंभ से ही उनका वेतन पंजाब नेशनल बैंक में आ रहा है और उन्हें बैंक की सेवाओं पर पूरा भरोसा है। उन्होंने शिक्षकों से भी पीएनबी के साथ जुड़े रहने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के जिलाध्यक्ष अभिनाश शुक्ला ने शिक्षकों की आवश्यकताओं के अनुरूप बैंकिंग सेवाओं को और अधिक सरल एवं सुलभ बनाने पर जोर दिया। वहीं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री राजकुमार सिंह ने शिक्षकों को बिना गारंटी के व्यक्तिगत ऋण (पर्सनल लोन) सहित अन्य बैंकिंग सुविधाओं में प्राथमिकता दिए जाने की मांग रखी।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बैंकिंग सेवाओं से संबंधित विभिन्न समस्याएं और सुझाव मंडल प्रमुख के समक्ष रखे। मंडल प्रमुख महेंद्र कुमार मोहन ने सभी मांगों एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक शिक्षकों के हितों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है और उन्हें बेहतर, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
संगोष्ठी में रवि रंजन, सुजीत खरवार, जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह सहित जनपद के विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में शाखा प्रबंधक रवि रंजन ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button