हाटा में मिली करीब 100 एकड़ सरकारी जमीन, फर्जी इंद्राज हटाकर विकास कार्यों की तैयारी तेज
संवाददाता शहाबुद्दीन अली
घुघली समाचार

कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के हाटा तहसील क्षेत्र में प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। पट्टन और सोनबरसा गांव में करीब 100 एकड़ सरकारी भूमि चिन्हित की गई है। प्रशासन ने चकबंदी के बाद फर्जी इंद्राज के जरिए सरकारी भूमि पर किए गए कथित कब्जे/दावों को हटाकर जमीन को दोबारा सरकारी अभिलेखों में दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने चिह्नित सरकारी भूमि का मौके पर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि चिह्नित भूमि का प्रस्ताव तैयार कर उसे जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं में उपयोग करने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। इससे क्षेत्र में सरकारी भूमि का बेहतर उपयोग होने के साथ ही विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों के अनुसार सरकारी संपत्ति को फर्जी इंद्राज और अतिक्रमण से मुक्त कराकर उसे सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। चिन्हित भूमि को सरकारी अभिलेखों में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनहित में उसके उपयोग की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करीब 100 एकड़ सरकारी भूमि की पहचान को क्षेत्र में सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और फर्जी अभिलेखीय इंद्राज के मामलों पर भी शिकंजा कसने की उम्मीद है।