Uncategorized

जिलाधिकारी ने बदलापुर सीएचसी का किया सघन निरीक्षण, बाहर की दवा लिखने पर जताई नाराजगी।

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर का करीब एक घंटे तक सघन निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बदलापुर चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद पांडेय समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मरीज आयशा से भी बातचीत कर उसकी हालत के बारे में जानकारी ली। मरीज की स्थिति गंभीर होने पर डीएम ने जिला अस्पताल में तैनात उच्च अधिकारियों को तत्काल मरीज को देखने और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कुछ मरीजों से बातचीत के दौरान जब डीएम को अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा बाहर की दवाएं लिखे जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों के हित में आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराने को कहा एवं इस संबंध में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद डीएम ने अस्पताल के बाहर स्थित मेडिकल स्टोरों पर भी छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। इस दौरान दवा दुकानों की व्यवस्थाओं और दस्तावेजों की जांच की गई।

वहीं, अस्पताल के बाहर स्थित एक एक्स-रे सेंटर में अनियमितता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उसे सील करने के आदेश दिए। डीएम की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल के आसपास संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप मचा रहा।

जिलाधिकारी ने करीब एक घंटे तक सीएचसी का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, उपचार में पारदर्शिता बरतने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि आम जन मानस के जीवन के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होंगा।

Related Articles

Back to top button