जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इटहिया पंचमुखी महादेव शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा का लिया जायजा
हरेन्द्र कुमार गुप्ता


महराजगंज(निचलौल) श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इटहिया पंचमुखी महादेव शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन सहित मेला परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट, अग्निशमन व्यवस्था तथा स्वच्छता का निरीक्षण किया। उन्होंने सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी संख्या में संभावित मौजूदगी को देखते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ रखने तथा कहीं भी अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मेला परिसर स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। उपजिलाधिकारी निचलौल ने बताया कि सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए मेला परिसर में 47 सीसीटीवी कैमरों तथा एक ड्रोन कैमरे के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने महिलाओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए महिला श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मेला परिसर में लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित रखने, दुकानदारों द्वारा निर्धारित एवं समान मूल्य दर का पालन सुनिश्चित कराने तथा खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच एवं निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि विद्युत तार खुले, नंगे अथवा अत्यधिक नीचे न हों, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। मंदिर परिसर एवं श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर पर्याप्त एवं उपयुक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एसडीएम को मेला ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारियों की परिचय पत्र सहित ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती, पेयजल एवं मोबाइल शौचालय की व्यवस्था तथा मंदिर परिसर और संपर्क मार्गों को स्वच्छ रखने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मंदिर परिसर एवं विभिन्न मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जलाभिषेक को शांतिपूर्ण, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया तथा जनपदवासियों को श्रावण के द्वितीय सोमवार की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार निचलौल अमित सिंह सहित संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।