Uncategorized

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आज सोनौली स्थित नव-निर्मित अंतर्राष्ट्रीय चेक पोस्ट (आईसीपी) का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं प्रस्तावित यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।श्रवण कुमार शर्मा

महराजगंज,(सोनौली)जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आज सोनौली स्थित नव-निर्मित अंतर्राष्ट्रीय चेक पोस्ट (आईसीपी) का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं प्रस्तावित यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने एलपीएआई के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए अक्टूबर माह तक प्रथम फेज का कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण न होने पर उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी स्पेसिफिकेशन के अनुरूप ही पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी स्तर पर कमी अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने परियोजना में प्रयुक्त सामग्री एवं निर्माण की गुणवत्ता की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भारत-नेपाल के बीच वाहनों के आवागमन, प्रस्तावित यातायात व्यवस्था तथा अंतर्राष्ट्रीय भवन के विभिन्न सेक्शनों की विस्तार से जानकारी ली। एलपीएआई के अधिकारियों ने बताया कि लगभग 447 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही परियोजना में कार्गो टर्मिनल, पैसेंजर टर्मिनल, वेयरहाउस, पार्किंग सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आईसीपी में इमिग्रेशन एवं कस्टम सहित अन्य आवश्यक कार्यालय भी स्थापित किए जाएंगे। इससे दोनों देशों के आयातकों-निर्यातकों के साथ ही पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जिलाधिकारी महोदय ने एसडीएम नौतनवा को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रगति एवं किसी भी अनियमितता की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, उपजिलाधिकारी नौतनवा तथा एलपीएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button