दर्दनाक हादसा घुघुली के ढेकही में स्कूली वैन की टक्कर से मासूम की मौत, परिजनों में कोहराम
महराजगंज: जनपद के घुघुली थाना क्षेत्र स्थित ढेकही गांव में मंगलवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। बच्चों को ले जा रही एक तेज रफ्तार व अनियंत्रित स्कूली वैन ने एक मासूम बच्चे को जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक मासूम की पहचान कुलदीप (उम्र लगभग 3 वर्ष) पुत्र बृजेश शर्मा के रूप में हुई। मासूम की मौत से गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जमकर हंगामा किया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ‘तिलक एकेडमी’ (पुरैना खंडी चौराहा) की वैन बच्चों को लेकर जा रही थी। ढेकही गांव में पहुंचते ही वैन ने बृजेश शर्मा के पुत्र कुलदीप शर्मा(उम्र लगभग 3 वर्ष) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बच्चा लहूलुहान होकर दूर जा गिरा। घटना के बाद आरोपी चालक वैन छोड़कर भागने लगा, लेकिन चीख-पुकार सुनकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी चालक की पहचान पिपरिया करंजहा निवासी छोटेलाल पटेल के रूप में हुई है।
स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल मासूम को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए,
जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और स्कूल प्रशासन व चालक के खिलाफ सख्त से सख़्त कार्यवाही की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस टीम के साथ घुघली थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने परिजनों को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत कराया। और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
इस सम्बंध में घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि आरोपी चालक छोटेलाल पटेल को हिरासत में लेकर मामले की जांच और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही हैं। इस हृदय बिदारक घटना में परिवारजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
घुघली समाचार