Uncategorized

पत्नी को नया मोबाइल दिलाने के लिए की लूट, सेवरही पुलिस ने तीन अभियुक्तों को दबोचा

राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

कुशीनगर। जनपद के थाना सेवरही क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूटा गया सैमसंग मोबाइल, लेडीज पर्स, ₹9,100 नकद तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने एक अभियुक्त के कब्जे से बड़ी संख्या में खुले मोबाइल फोन और मोबाइल पार्ट्स भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज श्री जयंत यादव के नेतृत्व में 30 अगस्त 2026 को थाना सेवरही पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम गौरी श्रीराम निवासी दिलीप सिंह अपनी पत्नी पम्मी पटेल और पुत्र आदर्श सिंह के साथ तमकुहीराज मेला घूमकर घर लौट रहे थे। अहिरौली हनुमान सिंह स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने पीछे से आकर उनकी पत्नी का हैंडबैग छीन लिया और फरार हो गए। बैग में ₹10,000 नकद और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल रखा हुआ था।
घटना के संबंध में थाना सेवरही में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैयाज शेख, नजरे आलम और आसीर अली को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त नजरे आलम ने बताया कि उसने अपनी नई पत्नी को नया मोबाइल देने के लिए इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों मुख्य अभियुक्तों के कब्जे से लूट की रकम में से ₹9,100 और लेडीज पर्स बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, लूटा गया सैमसंग मोबाइल दोनों अभियुक्तों ने तमकुहीराज स्थित पुरानी मोबाइल खरीद-बिक्री की दुकान पर तीसरे अभियुक्त आसीर अली को बेच दिया था। पुलिस ने आसीर अली के कब्जे से उक्त मोबाइल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आसीर अली चोरी के मोबाइलों को खोलकर उनके कीमती पार्ट्स, जैसे स्क्रीन, टच, कैमरा और बैटरी आदि अलग-अलग निकालकर बेचने का काम करता था। उसकी दुकान से पुलिस ने 18 खुले हुए एंड्रॉइड मोबाइल फोन, बड़ी मात्रा में मोबाइल पार्ट्स तथा कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध मु0अ0सं0 208/2026 के तहत धारा 309(4), 317(2) एवं 3(5) बीएनएस में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में शामिल हैं—
लूट के ₹9,100 नकद
एक सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल
एक लेडीज हैंडबैग
18 खुले हुए एंड्रॉइड मोबाइल फोन एवं बड़ी मात्रा में मोबाइल पार्ट्स
घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल नंबर UP57CC8485
इस कार्रवाई को थाना सेवरही पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।

Related Articles

Back to top button