Uncategorized

कप्तानगंज के माँ दुबौली मंदिर में बड़ी चोरी, लाखों की ज्वेलरी लेकर फरार हुए शातिर चोर

जनपद कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध माँ दुबौली मंदिर में बीती रात शातिर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। चोर मंदिर में विराजमान माँ दुबौली की प्रतिमा से लाखों रुपये मूल्य की सोने-चांदी की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए मंदिर के चैनल गेट से लकड़ी के डंडे से बड़ी ही सफाई से चोरी को अंजाम दिया। सुबह जब पुजारी और ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो मंदिर में माँ की प्रतिमा से आभूषण गायब थे। इसके बाद तत्काल स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का कार्य शुरू कर दिया है। ताकि चोरों से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा सकें।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का बड़ा केंद्र है और यहां अक्सर भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कमजोर थी, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं और आम जनता के मन में यह सवाल है कि आखिर क्या कप्तानगंज पुलिस इन शातिर चोरों को पकड़ पाएगी या नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है ।
अब देखना यह होगा कि कप्तानगंज पुलिस प्रशासन कितनी तेजी से इस मामले का पर्दाफाश करता है और मंदिर की पवित्रता भंग करने वाले इन चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचा पाता है।

राहुल विश्वकर्मा
जिला संवाददाता कुशीनगर

Related Articles

Back to top button