महराजगंज बस स्टेशन का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी पर जताई नाराजगी
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को महराजगंज बस स्टेशन का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बसों के संचालन एवं रखरखाव, कार्यालयों, विश्रामालय, साफ-सफाई व्यवस्था तथा यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

कार्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर में नियमित सफाई सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को सौंपी। साथ ही स्टेशन परिसर की दुकानों व कैंटीन के विधिवत संचालन तथा महिला-पुरुष प्रतीक्षालय को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बस स्टेशन से संचालित बसों की संख्या और रूट की जानकारी भी ली। बताया गया कि महराजगंज बस स्टेशन से महराजगंज डिपो की 60 बसों सहित कुल लगभग 100 बसें गोरखपुर, फरेंदा और ठूठीबारी मार्ग पर संचालित हो रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप बस रूट निर्धारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।