Uncategorized

डीएम ने किया जन सेवा केंद्र का निरीक्षण, किसानों से ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कराने की अपील

जी न्यूज 7 अंकित दूबे

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने मड़ियाहूँ तहसील क्षेत्र के जमालापुर स्थित नवीन जन सेवा केंद्र (CSC) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर चल रहे ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। उन्होंने बताया कि भविष्य में शासन की समस्त कृषि योजनाओं को इसी रजिस्ट्री से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने जनपद के किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने गांवों में आयोजित विशेष कैंपों में भाग लें या संबंधित लेखपाल से संपर्क कर जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराएं। यदि किसी किसान की खतौनी और आधार विवरण में कोई त्रुटि या विसंगति है, तो उसका समाधान भी राजस्व टीम द्वारा तत्काल कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों, पंचायत सहायकों और जनप्रतिनिधियों से भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर किसान सीधे लेखपाल, तहसीलदार या उपजिलाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

इस दौरान उपजिलाधिकारी मड़ियाहूँ नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button