Uncategorized

लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में आयोग के सचिव ने कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 10 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट भी निगरानी के लिए लगाए गए हैं।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी हेतु कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। प्रशासन ने परीक्षा के दिन यातायात, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी , अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) , वरिष्ठ कोषाधिकारी, एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी नगर, एआरएम रोडवेज, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button