Uncategorized

मदर्स डे पर विज्ञान का महाकुंभ: मेधावी छात्रों संग माताओं का हुआ भव्य सम्मान

भारत विज्ञान यात्रा’ में हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज के स्कॉलरशिप विजेताओं पर बरसी सौगातें

महराजगंज, मदर्स डे के अवसर पर हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज, उस्का पनियरा में रविवार को आयोजित ‘भारत विज्ञान यात्रा’ एवं ‘साइंस सेमिनार 2026’ कार्यक्रम शिक्षा, विज्ञान और मातृत्व सम्मान का अद्भुत संगम बन गया। कार्यक्रम में स्कॉलरशिप परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को चेक, छात्रवृत्ति एवं आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, वहीं उनकी माताओं, शिक्षिकाओं और महिला कर्मचारियों को अंगवस्त्र भेंट कर विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कॉलेज के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 3 मई 2026 को कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित OMR आधारित नकलविहीन स्कॉलरशिप परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर मुख्य अतिथियों ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर दिशांक सर एवं केमिस्ट्री एक्सपर्ट एस.टी. अली सर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ‘टू पावरफुल माइंड्स, वन मिशन’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में दिशांक सर ने विद्यार्थियों को विज्ञान, शिक्षा और जीवन में माँ की भूमिका पर प्रेरक संबोधन दिया। वहीं एस.टी. अली सर ने रसायन विज्ञान के रोचक प्रयोग प्रस्तुत कर छात्रों को विज्ञान के प्रति उत्साहित किया।
स्कॉलरशिप परीक्षा में कक्षा 11 में पूजा वर्मा और सुधीर पटेल ने 41 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों को 12 माह की संपूर्ण शुल्क माफी और विशेष पुरस्कार दिया गया। विवेक गौड़ ने 37 अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर 6 माह की शुल्क माफी हासिल की। मोहिनी गौड़ तीसरे, कुमारी प्रतिमा चौथे तथा नवनीत वर्मा एवं सईदुज्जमा अंसारी संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे।
कक्षा 9 में उम्मे हबीबा ने मारी बाजी
कक्षा 9 की परीक्षा में उम्मे हबीबा ने 41 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया और 12 माह की पूर्ण छात्रवृत्ति प्राप्त की। अभिनव विश्वकर्मा द्वितीय, रिंकी मौर्या तृतीय, महमूद चतुर्थ तथा कमरे आलम पंचम स्थान पर रहे।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब विजेता विद्यार्थियों की माताओं को मंच पर बुलाकर अंगवस्त्र और सम्मान भेंट किया गया। विद्यालय की शिक्षिकाओं और महिला कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। पूरे सभागार में तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल गूंज उठा।
कॉलेज प्रबंधक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की है। ‘भारत विज्ञान यात्रा’ का उद्देश्य विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना तथा आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को शिक्षा से वंचित होने से बचाना है।
कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने शिक्षा, विज्ञान और मातृत्व सम्मान का अनूठा संदेश दिया।

जी न्यूज़ घुघली

Related Articles

Back to top button