आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को आयोजित कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न
संवाददाता अंकित दूबे

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश,
21 जून को शाही किला परिसर में होगा जनपद स्तरीय मुख्य आयोजन, यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पौध वितरण की विशेष व्यवस्था
जौनपुर! आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सकुशल, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से सम्पन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे जनपद में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ऐतिहासिक शाही किला परिसर में आयोजित होगा। संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए क्षेत्राधिकारी यातायात को विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, स्वच्छता एवं सुरक्षा सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य सहायता हेतु हेल्थ बूथ स्थापित करने तथा आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को पौधों का वितरण किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को पूर्व से समुचित तैयारी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आरटीओ को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं के आवागमन हेतु पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक बस में एक महिला कर्मी एवं एक पुलिस कांस्टेबल की तैनाती भी की जाएगी ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं सुविधा बनी रहे। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं एनसीसी स्वयंसेवकों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की फोटोग्राफ्स निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कराई जाएं तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी भव्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।