वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान में जौनपुर ने भरी हरियाली की उड़ान, 60.73 लाख पौधरोपण का लक्ष्य
संवाददाता अंकित दूबे

जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को जनपद जौनपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम विकासखंड करंजाकला के ग्राम काफरपुर में हुआ, जबकि सभी तहसीलों और विकास खंडों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव तथा विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पहले अतिथियों ने पूजन-अर्चन के बाद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बाद में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का उद्घाटन कर योजनाओं की जानकारी ली और लोगों को पौधे वितरित किए।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि इस वर्ष जनपद में 60 लाख 73 हजार 400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 1001 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल होगा जब पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा, फेंसिंग और जियो-टैगिंग सुनिश्चित की जाएगी।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से पीपल, बरगद और फलदार पौधों के रोपण पर जोर दिया।
एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव पैदा करता है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपनी माँ के नाम कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी दिव्या ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।