Uncategorized

बदलापुर के पूर्व विधायक बाबा दुबे की ‘जन-गण विश्वास पदयात्रा’ करशुल नाथ धाम से हुआ शुभारंभ

संवाददाता अंकित दूबे

बदलापुर (जौनपुर), 04 अगस्त। बदलापुर विधानसभा के पूर्व विधायक ओम प्रकाश (बाबा) दुबे ने मंगलवार को ‘जन-गण विश्वास पदयात्रा’ का शुभारंभ किया। यात्रा की शुरुआत बाबा श्री करशूल नाथ धाम में रुद्राभिषेक, भगवान रुद्र का आशीर्वाद, 300 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा संपन्न महारुद्राभिषेक तथा महाप्रसाद वितरण के बाद हुई।
इस अवसर पर बाबा दुबे ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य बदलापुर विधानसभा के प्रत्येक गांव, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचकर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुनना है। उन्होंने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि जनता से मिले सुझावों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई, महिला सुरक्षा, रोजगार तथा युवाओं के भविष्य के विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा। बाबा दुबे ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और जाति-धर्म व वर्ग से ऊपर उठकर पूरे बदलापुर को एक परिवार मानते हुए विकास के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।
युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि बदलापुर का भविष्य युवाओं के हाथ में है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास, रोजगार, खेल, डिजिटल शिक्षा, स्टार्टअप और स्वरोजगार जैसे विषयों पर युवाओं से सुझाव लेकर ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा के दौरान प्राप्त प्रत्येक शिकायत और सुझाव का व्यवस्थित संकलन किया जाएगा, ताकि जनता की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार की जा सकें। उनका कहना था कि वास्तविक विकास वही है, जिसका लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे।
पदयात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और यात्रा में शामिल होकर अपना समर्थन व्यक्त किया। बाबा दुबे ने इसे केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि बदलापुर के विश्वास, विकास और स्वाभिमान का जनसंकल्प बताया।

Related Articles

Back to top button